बीजापुर-
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। सर्च अभियान के दौरान ताड़पाला बेस कैंप के पास कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला बेस कैंप से कोबरा 206, केरिपु 229, 153 और 196 बटालियन की संयुक्त टीम ने KGH फूटहिल्स इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जवानों को एक बड़ी सफलता मिली।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
51 नग जिंदा बीजीएल
100 बंडल एचटी एल्युमिनियम तार
50 नग स्टील पाइप (बीजीएल निर्माण के लिए)
भारी मात्रा में बिजली के तार
20 नग लोहे की शीट
40 नग लोहे की प्लेट

इसके अलावा, 5 प्रेशर IED भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से प्लांट किया था। बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड) की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी आईईडी को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि नक्सली किसी बड़ी घटना की साजिश रच रहे थे, लेकिन जवानों की सतर्कता से उनकी योजना असफल हो गई।









