भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में भारत ने 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 339 रन के लक्ष्य को 48.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल किया।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत की नायिका रहीं जेमिमा रॉड्रिग्ज, जिन्होंने 134 गेंदों में नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके जड़े और अंत तक क्रीज पर डटी रहीं। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 88 गेंदों में 89 रन बनाए और तीसरे विकेट के लिए जेमिमा के साथ 167 रनों की अहम साझेदारी की।
शुरुआत में भारत ने 59 रन तक अपने दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद जेमिमा और हरमनप्रीत ने पारी को संभालते हुए मैच का रुख बदल दिया। अंतिम ओवरों में अमनजोत कौर (15 रन नाबाद) और दीप्ति शर्मा (24 रन) ने भी टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाने में योगदान दिया।









