भारतवंशी जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के नये मेयर बन गए हैं। न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में जोहरान ममदानी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही वे शहर के पहले भारतवंशी, मुस्लिम और सबसे युवा मेयर बन गए हैं। आज (बुधवार) को घोषित नतीजों में उन्होंने अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए बड़ी जीत दर्ज की। उन्हें 50% से ज्यादा वोट मिले हैं। 9.48 लाख लोगों ने उनके पक्ष में वोट डाला है। ममदानी ने पूर्व न्यूयॉर्क गवर्नर एंड्रयू क्योमो, जो एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे, और रिपब्लिकन प्रत्याशी कर्टिस स्लिवा को मात दी।
ममदानी की जीत डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि वह लगातार ममदानी का विरोध कर रहे थे। उन्होंने धमकी दी थी कि अगर ममदानी जीते तो न्यूयॉर्क की फंडिंग रोक देंगे। अब ममदानी और ट्रंप के बीच होने वाला वार देखना दिलचस्प होगा।
चुनावी सर्वे पहले से ही ममदानी की बढ़त दिखा रहे थे, लेकिन रिजल्ट ने इसे पक्की मुहर दे दी। शहर के चुनाव बोर्ड ने बताया कि 20 लाख से ज़्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, जो 1969 के बाद से मेयर पद के चुनाव में सबसे ज़्यादा वोटिंग है। शहर की आबादी लगभग 85 लाख है। ज़ोहरान ममदानी के अचानक उभार ने शहर के धनी अभिजात वर्ग को चौंका कर रख दिया है। रिपब्लिकन और यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ममदानी का तीखा विरोध कर रहे थे।









