बिलासपुर –
बिलासपुर के लाल खदान स्टेशन के पास हुए भीषण रेल हादसे की कई स्तरों पर जांच शुरू हो गई है. रेलवे ओर से रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) बृजेश कुमार मिश्रा जांच कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर बिलासपुर की तोरवा थाना पुलिस ने स्टेशन अधीक्षक की शिकायत पर पैसेंजर ट्रेन के चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की है.
बता दें, 4 नवंबर की शाम कोरबा से बिलासपुर आ रही मेमू ट्रेन ने लालखदान के पास खड़ी मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी थी. इस हादसे में ट्रेन के चालक समेत 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 20 यात्री घायल हुए हैं.
मामले को लेकर रेलवे ने सुरक्षा आयुक्त (CRS) बृजेश कुमार मिश्रा को हादसे की जांच जिम्मेदारी सौंपी है. उन्होंने बुधवार से अपनी जांच शुरू कर दी है. अब 6 और 7 नवंबर को बिलासपुर DRM कार्यालय में पूछताछ होगी, जिसमें रेलवे के करीब 19 कर्मचारी और अधिकारी आवश्यक दस्तावेजों सहित तलब किए गए हैं. इनमें मेमू ट्रेन की सहायक लोको पायलट रश्मि राज, मालगाड़ी के गार्ड सुनील कुमार साहू, सहायक लोको पायलट पुनीत कुमार, मेमू ट्रेन के मैनेजर ए के दीक्षित, मालगाड़ी के मैनेजर शैलेश चंद्र, तीन स्टेशन मास्टर आशा रानी, ज्योत्स्ना रात्रे और निशा कुमारी, सेक्शन कंट्रोलर पूजा गिरी, CLI एस के आचार्य, CSM एस के निर्मलकर, सेक्शन इंजीनियर जे पी राठौर, जे के चौधरी, नरेंद्र साहू, बोधन गड़रिया, और कई अन्य तकनीकी कर्मचारी शामिल हैं.









