बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर। विकासखंड बकावंड अंतर्गत राजस्व निरीक्षक मंडल मूली के पटवारी हल्का नंबर 14 के बोरीगांव से जमीन फर्जीवाड़े के मामले में बकावंड पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर कुछ लोगों ने सरपंच और कोटवार की मिलीभगत से पैतृक जमीन दूसरे के पास बेच दी है। यह सरासर धोखाधड़ी का मामला है, मगर पुलिस ने शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की है। इस बारे में एसपी व कलेक्टर से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। इस पर श्रमबिन्दु ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया। इसके बाद बकावंड थाना ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं।

क्या है मामला?
शिकायतकर्ताओं ने बताया है कि उनके दादा स्व. जानकीराम आत्मज स्व. लोकनाथ, स्व. खुटी आत्मज स्व. लोकनाथ, स्व. तुलसीराम, वैद्यनाथ आत्मज लोकनाथ के नाम से ग्राम बोरीगांव पटवारी हलका नंबर 14 में स्थित पैतृक भूमि खसरा नंबर 517 रकबा 0.31 हेक्टेयर राजस्व अभिलेख में शामिलात दर्ज था। राजस्व अभिलेख में अनावेदक गण चतुर्भुज, तुलेश्वर, लुप्तेश्वर, जोगेश्वर पिता स्व. तुलसीराम जाति ब्राह्मण निवासी ग्राम जैबेल तहसील बकावंड व ग्राम पंचायत बोरीगांव के सरपंच पंच व कोटवार द्वारा कूटरचित कर आवेदक के दादा स्व. जानकीराम पिता लोकनाथ, स्व. खुटी पिता स्व. लोकनाथ का नाम राजस्व अभिलेख से विलोपित कर मृतकों की कोई संतान नहीं होना बताते हुए अपना नाम दर्ज कर भूमि ब्रिक्री कर दी गई है।
पीड़ितों ने मांग की है कि चतुर्भुज, तुलेश्वर, लुप्तेश्वर, जोगेश्वर पिता स्व.तुलसीराम, जाति ब्राहम्ण निवासी ग्राम जैबेल व ग्राम पंचायत बोरीगांव के सरपंच पंच व कोटवार के विरूद्ध प्राथमिकी रिपार्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ितों ने इस आशय का आवेदन बकावंड थाने में दिया है।









