बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
कई वार्डों की वर्षों पुरानी समस्याएँ होंगी दूर
जगदलपुर:- संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास द्वारा जगदलपुर नगर निगम को 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट मद अंतर्गत राशि 222.75 लाख की मंजूरी मिलने के साथ शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का मार्ग और अधिक मजबूत हो गया है। इस राशि से विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला तथा स्ट्रीट लाइट जैसे 12 महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा किया जाएगा, जिनसे हजारों नागरिकों को सीधे लाभ मिलेगा।
लोकमान्य तिलक वार्ड, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, अटल बिहारी बाजपेयी वार्ड और छत्रपति शिवाजी वार्ड में होने वाले बीटी एवं सीसी रोड निर्माण से आवागमन सुगम होगा। स्कूल, आंगनबाड़ी, आवासीय इलाकों और मुख्य सड़कों तक पहुँच में सुधार होगा। बरसात के दिनों में कीचड़, जलभराव और सड़क खराब होने की समस्याओं से राहत मिलेगी। दलपत सागर वार्ड, छत्रपति शिवाजी वार्ड, गुरुगोविंद सिंह वार्ड, चन्द्रशेखर आजाद वार्ड, महारानी वार्ड, बलीराम कश्यप वार्ड में बनाए जाने वाले आरसीसी नाले बरसात में जलभराव की समस्या को काफी हद तक कम करेंगे। घरों और दुकानों में बारिश का पानी भरने की समस्या अब नहीं होगी। पुराने टूटे-फूटे नालों की जगह मजबूत आरसीसी नाला बनेंगे, जिससे दीर्घकालिक समाधान मिलेगा। महारानी वार्ड में चांदनी चौक से कोर्ट चौक तक डिवाइडर पोल व स्ट्रीट लाइट की स्थापना से रात में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। व्यापारिक क्षेत्र और आवागमन वाले मार्ग को अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी तथा शहर का सौंदर्य बढ़ेगा। बलीराम कश्यप वार्ड में आयुक्त निवास के पीछे पुलिया निर्माण से स्थानीय निवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। नाले के ऊपर से आने-जाने का मार्ग सुगम होने से आसपास के मोहल्लों को बड़ी राहत मिलेगी।
जगदलपुर के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारा प्रथम लक्ष्य है। 222.75 लाख की यह स्वीकृति शहर के उन वार्डों में विकास की रोशनी लेकर आएगी, जहाँ वर्षों से नाला, सड़क और प्रकाश व्यवस्था की समस्या थी। इन 12 कार्यों के पूरे होने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। निगम प्रशासन गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराएगा।
यह राशि जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर खर्च की जाएगी और शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित नगरीय व्यवस्था के लिए निगम लगातार प्रयासरत है।
महापौर संजय पाण्डे ने उप मुख्यमंत्री व नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव, बस्तर सांसद महेश कश्यप, प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव को धन्यवाद देते आभार माना है। वहीं पार्षदगण, अधिकारियों के सहयोग के लिए उनको भी धन्यवाद देते हुए कहा यह सब नगर निगम परिषद, पार्षदों, अधिकारियों के सहयोग से संभव हुआ है।









