बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर संयुक्त संचालक एचआर सोम ने ली बड़ी बैठक
जगदलपुर। संयुक्त संचालक शिक्षा एचआर सोम द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान, परीक्षा परिणाम एवं अन्य विषयों पर बस्तर जिले के सभी प्राचार्यों की विशेष बैठक महारानी लक्ष्मीबाई हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-2 जगदलपुर में ली गई।
जेडी श्री सोम ने गत 3 वर्षों के कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा परिणामों की समीक्षा की। संयुक्त संचालक ने कहा कि प्राचार्यों को अपने दायित्व का निर्वहन अच्छे से करना चाहिए। परीक्षा परिणाम 85 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए। परिणाम का परसेंटेज इससे कम रहा तो संबंधित प्राचार्यों पर कार्रवाई की जाएगी। गत वर्ष ऐसे स्कूलों का भी परीक्षा परिणाम खराब रहा है, जहां पर सभी विषयों के शिक्षक उपलब्ध हैं। प्राचार्य को नियमित क्लास लेनी है, साथ-साथ प्राचार्यों का नाम उपस्थिति रजिस्टर पर अंकित होना चाहिए। शाला त्यागी बच्चों को स्कूल में वापस लाने के लिए एसएमडीसी के माध्यम से, जन सहयोग से प्रयास करना चाहिए। जिन संस्थानों में स्टाफ की कमी है वहां पर शाला प्रबंधन समिति एसएमसी के माध्यम से सेवा भाव एवं छात्रहित में सहयोग लिया जा सकता है। समिति से सुझाव भी लेकर अच्छे परिणाम हेतु प्रयास किए जाने चाहिए। किंतु प्राचार्य की कार्य प्रणाली अच्छी होनी चाहिए। बच्चों के हित में कार्य करना चाहिए।

शाला समिति की बैठक प्रतिमाह लेना आवश्यक है।
इस प्रकार से आप छात्र हित में अच्छे कदम उठा सकते हैं, सेवानिवृत शिक्षकों से भी सहयोग लिया जा सकता है।
प्राचार्य अपने विषय का अध्यापन करें। प्राचार्य अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ बच्चों के हित में करें।
10वी और 12वीं की परीक्षा की तैयारी मुख्यमंत्री गुणवत्ता के निर्देशानुसार कार्य करना सुनिश्चित करें।
शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत विकास हेतु समन्वित प्रयास की आवश्यकता है जिससे बच्चे समझना, लिखना, पढ़ना सीख सकें। बच्चों में पाठ्यक्रम अनुरूप दक्षता हासिल हो। खंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक नियमित निरीक्षण करें, बच्चे किताब पढ़ सकें, आवश्यक दक्षता हासिल करें, एक दूसरे पर दोषारोपण न करें। अपने दायित्व का निर्वहन अच्छे से करें। अधिकारी, शिक्षक सभी मिलकर प्रयास करें, प्रारंभिक शिक्षा में बेहतर परिणामप्राप्त होंगे।
शासन से प्राप्त निर्देशों का पालन करते हुए अच्छे से अध्ययन कर, कार्य करना सुनिश्चित करें। सभी प्राचार्य और खंड शिक्षा अधिकारी 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम हेतु प्रयास करेंगे।कक्षा 10वीं और 12वीं के माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा तैयार प्रश्न पत्र के ब्लूप्रिंट के अनुसार बच्चों की तैयारी करवाएं। मॉडल क्वेश्चन पत्र तैयार करवाएं, जिसमें उत्तर भी हो। इसके अनुसार बच्चों की तैयारी करवाएं। जहां पर कोर्स पूर्ण हो गया है ऐसे शिक्षकों का सहयोग शिक्षकविहीन शालाओं में अध्यापन हेतु किया जा सकता है। संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, विकास खंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक, प्राचार्य सभी शिक्षक मिलकर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने हेतु प्रयास करेंगे। अच्छे परीक्षा परिणाम लाने वाले शिक्षकों और प्राचार्यों को अपनी ओर से सम्मानित करने की बात भी श्री सोम ने कही। लापरवाह शिक्षक, प्राचार्य और अधिकारी पर कार्रवाई भी की जाएगी। बच्चों को इस प्रकार की तैयारी करवाएं ताकि बच्चे मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य अच्छे क्षेत्र में प्रवेश पा सकें। अच्छे बच्चों को मेरिट में लाने हेतु प्रयास करें।
बच्चों के भविष्य पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्री सोम ने कहा कि वार्षिक परीक्षा से पहले प्री बोर्ड परीक्षा हो जानी चाहिए। आपकी हर प्रकार की समस्या का समाधान किया जाएगा।
अधिकारी भी पढ़ाएंगे स्कूलों में
जॉइंट डायरेक्टर एचआर सोम ने कहा- कमिश्नर का निर्देश है कि समस्त विभागों के अधिकारी सप्ताह में कम से कम एक दिन शालाओं में जाकर अध्यापन कार्य करेंगे।स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब का प्रयोग करते हुए अध्यापन कार्य कराया जाए। अर्ध वार्षिक परीक्षा के पश्चात परीक्षा परिणाम की समीक्षा करें, मॉडल पेपर बनाकर अभ्यास करवाएं।
संयुक्त संचालक ने कहा कि सभी बच्चों की अपार आईडी बननी है शेष बचे हुए बच्चों की अपार आईडी शीघ्र बनाएं। आवश्यकता होने पर प्राचार्य की प्रशासनिक, वित्तीय अवकाश आदि मामले पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। साइकिल वितरण शत प्रतिशत किए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
जल्द होगी शिक्षकों की पदोन्नति
संयुक्त संचालक एचआर सोम ने कहा कि शिक्षकों की सेवा पुस्तिका, पासबुक का संधारण समय पर किया जाए। संधारित नहीं होने पर सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। शासन का निर्देश है कि सेवानिवृत्ति के दिन में पीपीओ जारी होनी चाहिए। संयुक्त संचालक ने अवकाश नियम के बारे में भी पर जानकारी दी। उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने कहा। उन्होंने कहा कि प्रधान अध्यापक और शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी कर शीघ्र ही पदोन्नति सूची जारी की जाएगी। युक्तिकरण के अंतर्गत ज्वाइन नहीं करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।
डीईओ बघेल ने की ईनाम की घोषणा
बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने 10वीं 12वीं में मेरिट में आने वाले छात्र, छात्राओं को अपनी ओर से 25 हजार का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमने जन्मदिन पर न्योता भोज आयोजित करने का कॉन्सेप्ट स्कूलों में शुरू किया है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल, डीएमसी अशोक पांडे, एडीपीओ जयंती कश्यप, एपीसी राकेश खापर्डे, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक एवं जिले के समस्त प्राचार्य उपस्थित थे।









