जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र जयसवाल
जिला जांजगीर-चांपा । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनादेश परब के तहत 22 दिसम्बर को पुलिस लाइन खोखरा, जांजगीर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम एवं विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य शामिल होंगे।

जनादेश परब के माध्यम से सरकार द्वारा बीते दो वर्षों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों पर आधारित आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आमजन को शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक आकर्षण के रूप में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार पद्मश्री श्री अनुज शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा।

राज्य स्तरीय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय सहित जिला स्तरीय अधिकारी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
जनादेश परब न केवल सरकार की उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि यह जनता और शासन के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत करने का सशक्त मंच भी है। राज्य स्तरीय इस आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है।









