Home चर्चा में गुणवत्ता और समय पर कार्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: संजय पाण्डे

गुणवत्ता और समय पर कार्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: संजय पाण्डे

2
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

निर्माण कार्यों का जायजा लेने पहुंचे महापौर पाण्डेय 

जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहर के बुनियादी ढांचे, सांस्कृतिक धरोहरों और खेल सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महापौर संजय पाण्डे ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की स्थिति देखने पहुंचे।
महापौर संजय पाण्डे ने बताया कि टाउन हॉल जगदलपुर शहर की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहचान है, जहां वर्षों से विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शासकीय कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। इसे नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा- नगर निगम का प्रयास है कि इस ऐतिहासिक सभागार की गरिमा को बनाए रखते हुए इसे आज की जरूरत के मुताबिक विकसित किया जाए। मेयर संजय पाण्डेय ने कहा- कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान महापौर ने निर्माण एजेंसी और संबंधित कर्मचारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हों तथा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। वर्तमान में टाउन हॉल में संरचनात्मक सुधार, आवश्यक मरम्मत, आंतरिक उन्नयन, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है।महापौर श्री पाण्डेय ने कहा कि मरम्मत एवं उन्नयन कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थल पुनः शहर की सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके बाद महापौर संजय पाण्डे नगर निगम जगदलपुर क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स यूनिट निर्माण कार्य स्थल पहुंचे। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व ही इस कार्य का भूमिपूजन प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ था। यह निर्माण कार्य डीएमएफटी मद से नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है, जिसकी कुल लागत लगभग 20 लाख रुपए है।

इस अवसर पर महापौर ने कहा नगर निगम जगदलपुर शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। क्रिकेट बॉक्स यूनिट के निर्माण से स्थानीय युवाओं को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर एवं सुरक्षित सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक विकास कार्य जनहित से जुड़ा है और इसे पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाना हमारी टीम की जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में यह प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, ईई गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर प्रवीण पोयाम मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here