सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिपारा में स्थित अमित क्लॉथ नामक कपड़ा दुकान में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा कपड़ा और अन्य कीमती सामान देखते ही देखते जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में दुकानदार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम और बतौली पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाके को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।









