Home चर्चा में तेज रफ्तार पर लगाम लगाने रतनपुर पुलिस की पहल सात प्रमुख...

तेज रफ्तार पर लगाम लगाने रतनपुर पुलिस की पहल सात प्रमुख स्थानों पर बने नए स्पीड ब्रेकर, दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश

3
0

रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी

रतनपुर। आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से रतनपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। थाना प्रभारी नीलेश पाण्डेय के नेतृत्व में नगर के प्रमुख मार्गों पर सात महत्वपूर्ण स्थानों पर नए स्पीड ब्रेकर तैयार कराए गए हैं।

नियमों के अनुसार बनाए जा रहे ये स्पीड ब्रेकर अधिकतम 4 इंच ऊंचे हैं और इनके पास चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) भी लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क हो सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन स्थानों पर की गई है, जहां हादसों की आशंका अधिक रहती है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भैरव मंदिर चौक, शनिचरी चौक और महामाया चौक—तीनों ओर कोटा रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। इसके अलावा अन्य प्रमुख बिंदुओं को भी चिन्हित कर वहां गति नियंत्रण के उपाय किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि सामने होली का त्यौहार है और इस दौरान कम उम्र के युवाओं द्वारा नशे की हालत में तेज रफ्तार वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे नगर में हादसों का खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रतनपुर पुलिस ने समय रहते यह कदम उठाया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी रतनपुर पुलिस द्वारा तेज आवाज और अमानक साइलेंसर लगे वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भी इन पर नियंत्रण की मांग की थी। पुलिस की इस नई पहल से नगरवासियों में संतोष है और उन्होंने इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में सार्थक और प्रभावी कदम बताया है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इन उपायों से न केवल तेज रफ्तार पर अंकुश लगेगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here