Home चर्चा में बस्तर के विकास का रोडमैप है छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार का बजट-...

बस्तर के विकास का रोडमैप है छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार का बजट- जयराम दास

2
0
बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के बजट में पूरी तरह से विकास की छवि परिलक्षित हो रही है। ये बजट बस्तर के विकास का रोडमैप है। सुकमा जिले के जगरगुंडा और अबूझमाड़ क्षेत्र में 100-100 करोड़ की एजुकेशन सिटी के साथ जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर बैराज के लिए 100 करोड़ की स्वीकृति ये दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पूरी तरह से गांव-गरीब और जनता के लिए समर्पित सरकार है। ये बातें भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री जयराम दास ने कही हैं। उन्होंने इस बजट को स्वागतयोग्य बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आदिवासी अंचल को मुख्यधारा से जोड़ने का ठोस संकल्प है।
जयराम दास ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के अभाव से जूझता रहा, लेकिन इस बजट में अधोसंरचना, कृषि, शिक्षा और युवाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण सड़कों, सिंचाई योजनाओं, वन उपज के समर्थन मूल्य और कौशल विकास योजनाओं को बस्तर के लिए गेम चेंजर बताया।
उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए उद्योग, पर्यटन और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की नीति सराहनीय है। इससे पलायन रुकेगा और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में अवसर मिलेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में नए विद्यालयों, छात्रावासों और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार भी आदिवासी विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत करेगा।
भाजयुमो नेता ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, जिला अस्पतालों के उन्नयन और दूरस्थ क्षेत्रों में एंबुलेंस सेवाओं की मजबूती से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि यह बजट बस्तर में शांति, विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा।
अंत में जयराम दास ने कहा कि “डबल इंजन की सरकार” बस्तर को सिर्फ सुरक्षा के नजरिए से नहीं, बल्कि विकास और अवसरों के केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, और यह बजट उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here