बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
पल्लीभांठा में दो दिन से ठप है जलापूर्ति, पानी के लिए भटक रहे हैं ग्रामीण
जगदलपुर। बढ़ते तापमान और लगातार गिरते भू-जल स्तर के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। शासन द्वारा पानी टंकी निर्माण एवं नल-जल योजना के तहत घर-घर तक पाइप लाइन बिछाए जाने और नल कनेक्शन दिए जाने के बावजूद कई गांवों में लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
ऐसा ही मामला बस्तर विकासखंड के पल्लीभांठा गांव से सामने आया है, जहां पानी टंकी निर्माण और नल कनेक्शन लगाए जाने के बाद भी ग्रामीणों की प्यास नहीं बुझ पा रही है।ग्रामीणों के अनुसार टंकी से पानी का समुचित वितरण नहीं हो पा रहा है। वहीं निर्माण कार्य में खामियों के चलते टंकी एवं पाइप लाइन से लगातार पानी का सीपेज हो रहा है, जिससे गांव तक पहुंचने वाला पानी बीच रास्ते में ही व्यर्थ बह जा रहा है। पिछले दो दिनों से नल-जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद होने से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में महिलाओं को दूरस्थ जल स्रोतों से पानी लाकर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।

महिलाओं का धरना प्रदर्शन
समस्या से आक्रोशित गांव की महिलाओं ने पानी टंकी के नीचे एकत्र होकर धरना प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जल्द समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या से अवगत कराने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी एचएल नेताम से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो गांव की महिलाएं बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगी।









