आरंग संवाददाता – सोमन साहू
ग्राम चपरीद (समोदा) स्थित मंदिर प्रांगण, गांधी चौक में आयोजित माता शीतला–महामाया मंदिर नव निर्माण एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत चल रही श्रीमद् देवी भागवत कथा का कार्यक्रम अत्यंत भव्य और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है।
07 मार्च 2026 से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आस्था और भक्ति का केंद्र बन गया है। कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालुजन पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि आज 10 मार्च 2026 को कथा का चौथा दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने धर्म, भक्ति और संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस महोत्सव के अंतर्गत 12 मार्च 2026, गुरुवार को माता शीतला–महामाया, शिवलिंग, श्रीराम दरबार एवं हनुमान जी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए ग्रामवासियों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
कथा वाचन कथाव्यास मुख्य आचार्य राष्ट्रीय कथा वाचक एवं प्रदेश प्रवक्ता संत महासभा पं. रुपेश महाराज जी द्वारा किया जा रहा है, जिनके मुखारविंद से प्रतिदिन देवी भागवत के दिव्य प्रसंगों का श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं।
इस पूरे धार्मिक आयोजन में ग्राम चपरीद (समोदा) के समस्त ग्रामवासी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं तथा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बना रहे हैं।







