बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
तोकापाल ब्लॉक के कुरेंगा गांव में हाल ही में प्रशासन द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में युवा नेता मोहनीश नाग ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्रवाई केवल कमजोर और गरीब लोगों पर ही क्यों की जा रही है, जबकि अन्य प्रभावशाली लोगों के कब्जों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
मोहनीश नाग ने कहा कि कुरेंगा में जिस तरह से कुछ परिवारों के कब्जे पर जेसीबी चलाकर तोड़फोड़ की गई, उससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है तो उसे निष्पक्ष और समान रूप से सभी पर लागू करना चाहिए, न कि चुनिंदा लोगों को ही निशाना बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। यदि कमजोर लोगों के घर और कब्जे पर ही कार्रवाई होगी और अन्य लोगों को छोड़ दिया जाएगा, तो यह न्याय नहीं बल्कि भेदभावपूर्ण कार्रवाई मानी जाएगी। इससे प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े होते हैं।
मोहनीश नाग ने प्रशासन से मांग की है कि कुरेंगा में हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अतिक्रमण हटाना है तो बिना किसी भेदभाव के सभी अवैध कब्जों पर समान कार्रवाई की जाए, ताकि जनता का भरोसा प्रशासन पर बना रहे।







