बांकी मोंगरा संवाददाता – विकास सोनी
बांकीमोंगरा शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों ने सोमवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत बांकीमोंगरा थाना परिसर का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस कार्यप्रणाली को करीब से समझा और पुलिसिंग विषय पर निबंध भी लिखा।
भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी चमन लाल सिन्हा ने विद्यार्थियों को थाने की दैनिक कार्यप्रणाली, अनुशासन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। विद्यार्थियों को थाने में होने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं, शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था और पुलिस द्वारा किए जाने वाले जनसेवा कार्यों से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पुलिसिंग से जुड़े अपने अनुभवों और समझ को निबंध के माध्यम से व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल भी पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल और सहज भाषा में जवाब दिया।
शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।







