जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जयसवाल
जिला जांजगीर-चांपा। जांजगीर चांपा में भारतीय जनता पार्टी संगठन में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए चांपा मंडल के अनुसूचित जाति मोर्चा का उपाध्यक्ष अनिल खूंटे को नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अनिल खूंटे लंबे समय से पार्टी के समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने संगठन की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों तक पार्टी की नीतियों और योजनाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली, सरलता और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। युवाओं का मानना है कि अनिल खूंटे के नेतृत्व में अनुसूचित जाति मोर्चा और अधिक सक्रिय होगा तथा समाज के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह नियुक्ति भाजपा के संगठन विस्तार और सामाजिक समरसता के प्रयासों को नई दिशा देगी। अनिल खूंटे के अनुभव और कार्यकुशलता से निश्चित ही पार्टी को आगामी समय में लाभ मिलेगा।
अनिल खूंटे ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।







