जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जयसवाल
जिला जांजगीर चांपा आज चांपा धार्मिक नगरी चांपा में आगामी 27 मार्च 2026 (शुक्रवार) को रामनवमी के अवसर पर ‘श्री राम जन्म महोत्सव 2026’ बड़े ही श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन नगर के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन को और भी समृद्ध बनाने वाला साबित होगा।
कार्यक्रम के अनुसार शाम 4 बजे से पलटन बाबा बजरंग बाली मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसका प्रारंभ रेलवे टैक्सी स्टैंड बरपाली चौक, सुभाष चौक सदर बाजार कदम चौक से नगर भ्रमण करते हुए परशुराम चौक तक होगा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत द्वारों के माध्यम से यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन (जागरण), 6 बजे दीपदान तथा 7 बजे महाआरती का आयोजन होगा। इस दौरान महिलाओं के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन में आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण रहेंगी—जिनमें बाहुबली बजरंगबली (रौद्र रूप), भोलेनाथ ( रौद्र रूप), काली मां
(नव मुख वाली), राम दरबार, तथा अयोध्या की रामलीला से प्रेरित अनेक झांकियां शामिल रहेंगी।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों के सामने दीप जलाएं और रंगोली सजाएं, ताकि पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो सके। आयोजन की समस्त जिम्मेदारी श्री रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति, चांपा द्वारा निभाई जा रही है।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करेगा, बल्कि नगरवासियों में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी देगा।








