Home चर्चा में बस्तर जिले में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्यवाही, भस्कली नदी पर...

बस्तर जिले में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्यवाही, भस्कली नदी पर पोकलेन मशीन सील, हाईवा जप्त

17
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

जगदलपुर, 26 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के सख्त निर्देशों के परिपालन में जिले के खनिज अमले ने अवैध उत्खनन के विरुद्ध अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में गुरुवार 26 मार्च को तहसील बकावंड के ग्राम बेलगांव और बनियागांव क्षेत्र में खनिज विभाग द्वारा एक बड़ी दण्डात्मक कार्यवाही को अंजाम दिया गया। खनि अधिकारी श्री शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में जिला खनिज जाँच दल ने छत्तीसगढ़ और ओड़िशा राज्य की अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित भस्कली नदी पर दबिश दी, जहाँ बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन होना पाया गया।
कार्यवाही के दौरान मौके पर अवैध कार्य में संलिप्त एक पोकलेन मशीन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, वहीं रेत परिवहन में लगे एक हाईवा को जप्त कर नगरनार थाना की अभिरक्षा में सौंपा गया है। इस पूरी कार्यवाही में सहायक खनि अधिकारी श्री जागृत गायकवाड़, खनि सिपाही श्री डिकेश्वर खरे सहित टीम के सदस्य महादेव सेठिया, सीताराम और कृष्णा सक्रिय रूप से मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पकड़े गए प्रकरण में नियमानुसार कड़ी दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जावेगी। कलेक्टर श्री छिकारा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए खनिज अमले द्वारा भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जाँच अभियान चलाया जाएगा ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here