विमल सोनी –
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शांति काली मंदिर, सोनारपारा (रजहा पारा) में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कन्या भोज एवं भंडारे का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न किया गया। यह आयोजन क्षेत्र की सामूहिक आस्था, सेवा भावना और भाईचारे का सुंदर प्रतीक बन चुका है।
इस दौरान 9 या उससे अधिक कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर विधि-विधान से उनका पूजन किया गया। कन्याओं के चरण धोकर, तिलक लगाकर एवं आरती उतारकर उन्हें सम्मानपूर्वक बैठाकर पूरी, हलवा और काले चने का पारंपरिक भोग लगाया गया। पूजन के उपरांत उन्हें वस्त्र, फल एवं दक्षिणा भेंट कर ससम्मान विदा किया गया।
मंदिर में यह आयोजन विगत कई वर्षों से विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसमें क्षेत्र के प्रतिष्ठित एवं गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रहती है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से नपा उपाध्यक्ष श्रीमती बीनू निराला, वार्ड पार्षद मनोज पाटले, सुनील अग्रवाल (संटी), श्रीमती इंदू यादव, श्रीमती अर्चना संतोष सोनी, कुश कहरा एवं कीर्ति सोनी सहित अनेक श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग रहा।
कन्या भोज का आयोजन प्रायः चैत्र नवरात्रि की अष्टमी या नवमी तिथि को, नवरात्रि पारण के समय किया जाता है। यह आयोजन नारी शक्ति के सम्मान, सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, संस्कार एवं सेवा की भावना को बल मिलता है तथा आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रेरणादायक संदेश मिलता है।







