बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
दल्ली राजहरा में संगठन सृजन अभियान
दल्ली राजहरा। संगठन सृजन अभियान के तहत दल्ली राजहरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के गठन के बाद प्रथम परिचयात्मक बैठक रखी गई। बैठक में दल्ली राजहरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मेघनाथ साहू, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रकाश आर्य तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष वीरेश ठाकुर की विशिष्ट उपस्थिति रही।

कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए बीरेश ठाकुर ने कहा कि दल्ली राजहरा लघु भारत है यहां पर विभिन्न प्रांतों के लोग निवासरत हैं सब की बोली भाषा और रहन-सहन अलग-अलग होने के बावजूद दल्ली राजहरा में लोग एकसाथ जुड़कर रहते हैं। अनेकता में एकता को समेटे हुए दल्ली राजहरा में कांग्रेस संगठन द्वारा लगातार अच्छा प्रयास करके यहां पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस पार्टी कम कर रही है। हमें विश्वास है की ब्लॉक अध्यक्ष रतिराम कोसमा के नेतृत्व में दल्ली राजहरा में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी और आगामी चुनाव में दल्ली राजहरा में कांग्रेस को अन्य पार्टियों के बनिस्बत अच्छी लीड मिलेगी। ब्लॉक के प्रभारीद्वय मेघनाथ साहू एवं प्रकाश आर्य ने कहा कि संगठन सृजन के तहत मंडल कांग्रेस के बाद अब बूथ एवं वार्ड चलो अभियान पार्टी द्वारा चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में दल्ली राजहरा में भी वार्ड चलो अभियान का आरंभ किया जाना है जिसमें प्रत्येक वार्ड एवं प्रत्येक बूथ में कमेटियों का गठन किया जाना है। प्रत्येक कमेटी में उसी बूथ में निवासरत कांग्रेस के प्रमुख नेताओं को बीएलए नियुक्त किया जाएगा और उस बूथ में लीड दिलाने की जिम्मेदारी उस बूथ में निवासरत बड़े नेताओं की होगी। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस बैठक में दल्ली राजहरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष सेक्टर अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।







