Home चर्चा में नागाराम-केरलापेंदा सुदूर वनांचल में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने किया दौरा, शिक्षा-स्वास्थ्य और...

नागाराम-केरलापेंदा सुदूर वनांचल में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने किया दौरा, शिक्षा-स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं पर जोर

8
0
सुकमा संवाददाता – पोडियामी दीपक
चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश 
     सुकमा, 31 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मंगलवार को सुदूर वनांचल क्षेत्र नागाराम एवं केरलापेंदा का निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, राशन वितरण, आवास एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर, एसडीएम श्री सुभाष शुक्ला, सीईओ जनपद पंचायत कोंटा श्री सुमित ध्रुव, तहसीलदार श्री योपेंद्र पात्रे एसडीओपी दोरनापाल श्री निशांत पाठक, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
शिक्षा और आंगनवाड़ी पर विशेष फोकस
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने निर्माणाधीन माध्यमिक शाला नागाराम निरीक्षण किया। उन्होंने आगनवाड़ी केंद्र में कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर में नियमित एंट्री सुनिश्चित करने, बच्चों को पौष्टिक आहार में हरी सब्जियां देने और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही भवनों की मरम्मत शीघ्र कराने के साथ ही स्कूलों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
राशन वितरण और पीडीएस व्यवस्था की समीक्षा
नागाराम में ग्रामीणों को मिल रहे राशन वितरण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री कुमार ने हर माह नियमित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन पीडीएस भवन का निरीक्षण कर कार्य को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने को कहा। साथ ही चिंतलनार से मिलने वाले राशन के भंडारण एवं नागाराम में मई माह से वितरण प्रारंभ करने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
जल जीवन मिशन और राजस्व को दिए निर्देश
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत एक सप्ताह के भीतर ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मालेवागु नाला क्षेत्र में मानसून के दौरान आवागमन सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने फौती नामांतरण प्रकरणों में आदेश के बाद शीघ्र प्रविष्टि दर्ज करने तथा किसानों को ऋण पुस्तिका (किताब) वितरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों को आधार कार्ड, बैंक खाता एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, विकास कार्यों पर जोर
नागाराम  और केरलापेंदा में आयोजित चौपाल में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर पीएम आवास, आंगनवाड़ी संचालन, स्कूल व्यवस्था, बिजली, पानी, सड़क एवं राशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जनगणना में सहयोग की अपील करते हुए सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की बात कही।  ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तेंदूपत्ता खरीदी सुचारू रूप से संचालित करने और ग्रामीणों के बैंक खाते शत-प्रतिशत खोलने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा के लिए दो सप्ताह के भीतर आवागमन हेतु वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कैंप लगाकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा।
खेल, जल संरचना और पंचायत भवन कार्य
नागाराम में खेल मैदान समतलीकरण, खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा तालाब गहरीकरण के निर्देश दिए।
नवीन पंचायत भवन नागाराम एवं केरलापेंदा के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। केरलापेंदा स्थित राम मंदिर के जीर्णोद्धार, बाउंड्रीवाल, रंग-रोगन, मूर्ति स्थापना, शेड निर्माण एवं तालाब निर्माण के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सुविधाओं और चिंतलनार पोटाकेबिन की व्यवस्थाओं पर कलेक्टर नाराज, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश
स्वास्थ्य केंद्र नागाराम के निरीक्षण के दौरान प्री-फैब्रिकेटेड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल मरम्मत कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने चिंतलनार क्षेत्र का दौरा कर पोटाकेबिन चिंतलनार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को सुधार के सख्त निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विद्युतीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि केंद्र में आने वाली सभी पात्र महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो सकें। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए सराहना की। साथ ही उन्होंने एम्बुलेंस सेवा को सुचारू बनाने के लिए वाहन चालक की शीघ्र नियुक्ति करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिंतागुफा का भी निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने संबंधित स्टाफ की सराहना की। कलेक्टर ने गोरगुंडा में बने स्टॉप डैम का भी निरीक्षण किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here