12वीं बोर्ड की हिंदी की परीक्षा आज (शुक्रवार) दोबारा हुई। इस बार छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) पूरी तरह सतर्क नजर आया। गोपनीयता और सुरक्षा को देखते हुए प्रश्न पत्रों के पैकेट में वन टाइम लॉक सिस्टम लगाया गया, वहीं पूरी सामग्री जीपीएस लॉक युक्त कंटेनर के जरिए भेजी गई थी।
संभावना है कि इस व्यवस्था को आगामी परीक्षाओं में भी लागू किया जाएगा। इससे पहले पेपर लीक होने के बाद 12वीं हिंदी की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। छात्रों ने कहा- पिछले एग्जाम के मुकाबले इस बार पेपर सरल आया। री-एग्जाम की वजह से कुछ बच्चों को अपना समर वेकेशन पोस्टपोंड करना पड़ा। बच्चों का कहना पेपर लीक नहीं होना चाहिए था।
मंडल ने बताया है कि हिन्दी विषय की परीक्षा सुबह 9:00 बजे से शुरू हुई, जो दोपहर 12:15 बजे तक चली। छात्रों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना तय रखा गया था। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका मिली, 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिया गया और 9:15 बजे से लिखना शुरू किया।
दरअसल, 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में हिन्दी विषय के सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र लीक होने के दावे सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए साइबर थाने में लिखित सूचना दी गई। सिटी कोतवाली में FIR भी दर्ज कराई गई।
इसके बाद मंडल की परीक्षा समिति की बैठक 23 मार्च 2026 को आयोजित की गई, जिसमें जांच के आधार पर परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया। बता दें कि भास्कर सबसे पहले उन छात्रों तक पहुंचा था, जिन्होंने लीक पेपर अलग-अलग ग्रुप्स में सर्कुलेट किया।







