लक्ष्मीनारायण लहरे/रायपुर। प्रति वर्ष अनुसार मध्यप्रदेश का प्रतिष्ठित तुलसी साहित्य अकादमी का तुलसी साहित्य अलंकरण भिलाई निवासी साहित्यकार डॉ. दीनदयाल साहू को 28 नवंबर को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा।
डॉ. दीनदयाल साहू विगत चार दशकों से हिन्दी और छत्तीसगढ़ी साहित्य लेखन में सक्रिय हैं। आप भारत सरकार हिन्दी साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय साहित्य महोत्सव में अपनी सहभागिता दे चुके हैं। छत्तीसगढ़ी और हिन्दी में आपकी 20 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। कई शोध ग्रंथों का प्रकाशन भी हुआ है। कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन हैं।
भारत सरकार की साहित्य डिजिटलीकरण योजना के तहत मैसूर विश्वविद्यालय द्वारा हिन्दी से छत्तीसगढ़ी अनुवाद में अपनी भागीदारी दी है। विश्वविद्यालयों में आपकी लिखित छत्तीसगढ़ी कहानियों को शामिल किया गया है। आपकी कहानियों और आलेखों का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन केन्द्रों के माध्यम से होता रहता है। राष्ट्रीय स्तर की पत्र-पत्रिकाओं में भी आपकी कहानियों और आलेखों को स्थान मिलता रहता है। इसके साथ ही देश की अनेक साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित हो चुके हैं। सामाजिक तथा धार्मिक क्रियाकलापों में भी अपनी सहभागिता देते हैं।
साहित्यिक परिचय …
डॉ. दीनदयाल साहू का जन्म 24 जुलाई 1967 को हुआ। आपने बी.एस.सी., एम.ए. (हिन्दी) की शिक्षा प्राप्त की है। आपको विक्रमशिला विद्यापीठ, भागलपुर (बिहार) से मानद उपाधि विद्या वाचस्पति प्राप्त है। संप्रति आप दैनिक हरिभूमि समाचार पत्र, रायपुर में सहायक संपादक हैं।
आपकी प्रमुख कृतियों में अंजोर (छत्तीसगढ़ी कहानी संग्रह), चंदा (छत्तीसगढ़ी उपन्यास), एहसास (हिन्दी कहानी संग्रह), महतारी (छत्तीसगढ़ी कविता संग्रह), एक लोटा पानी, आंचलिक संस्कृति में देवारों का योगदान, अर्थ से अर्थी तक (हिन्दी व्यंग्य संग्रह), भागमानी, सोनहा माटी प्रमुख हैं।
आपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व – टीकेन्द्र चंदाकर, अभिनंदन ग्रंथ – किशोर तारे, कुलदीप की पाती, आजादी के नायक – विजय राम नायक सहित अनेक ग्रंथों और पत्रिकाओं का संपादन किया है। आप लोक कला एवं साहित्य संस्था – सिरजन के प्रांतीय अध्यक्ष हैं। छत्तीसगढ़ की लोक कला और संस्कृति पर निरंतर शोध और लेखन आपकी विशेष पहचान है।
इस सम्मान की घोषणा पर छत्तीसगढ़ सहित देशभर के साहित्यकारों ने हर्ष व्यक्त किया है।







