Home कोरबा कुसमुंडा निर्माणाधीन तीसरे मंजिल की दीवार बगल के मकान ऊपर गिरा, घर...

कुसमुंडा निर्माणाधीन तीसरे मंजिल की दीवार बगल के मकान ऊपर गिरा, घर में सो रहे पति पत्नी और बच्चे मलबे में दबे…

50
0

कोरबा संवाददाता – गुरदीप सिंह

कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेम नगर, कपाटमुड़ा रोड में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां संतोष वर्मा नामक व्यक्ति द्वारा बनाए जा रहे निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार अचानक भरभराकर बगल के मकान पर गिर गई। इस हादसे में पड़ोसी अजय धनवार का घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर के अंदर सो रहे तीन लोग मलबे में दब गए।

तेज आंधी-बारिश बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही थी। इसी दौरान निर्माणाधीन मकान की ऊपरी दीवार कमजोर होकर अचानक ढह गई और सीधे अजय धनवार के मकान पर जा गिरी।

सो रहे परिवार पर टूटा कहर

घटना के समय अजय धनवार, उनकी पत्नी और एक छोटा बच्चा घर के अंदर सो रहे थे। अचानक सैकड़ों ईंटें और मलबा छप्पर तोड़ते हुए अंदर गिर पड़ा, जिससे तीनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

मोहल्लेवासियों ने बचाई जान

घटना की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल कोरबा अस्पताल पहुंचाया। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घर का सामान भी हुआ बर्बाद

हादसे में घर के अंदर रखा दुपहिया स्कूटी वाहन, बर्तन, बिस्तर सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल घर के अंदर भारी मात्रा में ईंट और मलबा अब भी पड़ा हुआ है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अगर समय रहते एहतियात बरती जाती, तो शायद इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here