सोमन साहू/भैंसा। संगठन विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आरंग ब्लॉक के भैंसा सेक्टर में नई नियुक्तियां की गई हैं। ग्राम पंचायत भैंसा के पूर्व सरपंच डुगेश साहू को आरंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर डुगेश साहू ने शीर्ष नेतृत्व और स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा मुझ पर विश्वास जताते हुए आरंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मुझे इस पद के योग्य समझा, इसके लिए मैं पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
डुगेश साहू ने अपनी नियुक्ति को संगठन की मजबूती से जोड़ते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने आरंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल साहू और क्षेत्र के सभी वरिष्ठ जनों का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि वे कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। डुगेश साहू को यह नई जिम्मेदारी मिलने पर भैंसा सेक्टर और ब्लॉक के कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है।








