Home चर्चा में बड़े मोरठपाल स्कूल ने रचा सफलता का नया इतिहास, बोर्ड परीक्षा परिणाम...

बड़े मोरठपाल स्कूल ने रचा सफलता का नया इतिहास, बोर्ड परीक्षा परिणाम रहा शानदार

3
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

12वीं में सारिता नाग और 10वीं में नमिता कश्यप प्रथम रहीं 
जगदलपुर। बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़े मोरठपाल ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम दर्ज करते हुए पूरे क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन ने विद्यालय, शिक्षकों एवं अभिभावकों को गौरवान्वित किया है।
कक्षा 10वीं के कुल 100 दर्ज छात्र-छात्राओं में से 84 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें से 69 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में कुल 114 छात्र-छात्राओं में से 107 विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की, जिनमें 80 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगाए हैं । टॉपर्स की सूची में स्थान बनाते हुए कक्षा 12वीं कॉमर्स में सरिता नाग ने 89.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। विमला ने 88.40 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान तथा कशिश मौर्य ने 87.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 10वीं में नमिता कश्यप ने 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। शीतल सेठिया 91.33 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि मनीता ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि खेलकूद, एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड जैसी गतिविधियों में भी विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है।
इस शानदार सफलता के पीछे विद्यालय की प्राचार्य शबाना अली का कुशल नेतृत्व, विशेष कोचिंग व्यवस्था, नियमित अध्ययन वातावरण एवं शिक्षकों का समर्पित प्रयास प्रमुख रहा है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को न केवल पढ़ाई बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास का भी मजबूत आधार मिला है।
जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों की लगन और विद्यालय प्रबंधन के प्रभावी मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने इस परिणाम को अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और बेहतर परिणाम की आशा व्यक्त की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here