मेडिकल में दाखिले के लिए देश की सबसे अहम परीक्षा NEET 2026 का पेपर लीक हो गया था। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी NTA ने नीट परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया था जिसके बाद पूरे देश में जमकर हंगामा हुआ था। अब शुक्रवार को एनटीए ने जानकारी दी है कि NEET 2026 को दोबारा से 21 जून को दोबारा से आयोजित कराई जाएगी। एनटीए के इस ऐलान के बाद शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने सबसे बड़ी जानकारी ये भी दी कि अगले साल से नीट की परीक्षा कंप्यूटर पर आयोजित कराई जाएगी यानी ऑनलाइन मोड में होगी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा ऐलान करने हुए कहा कि अगले साल से नीट की परीक्षा कंप्यूटर से होगी। यानी कि अब नीट परीक्षा का फॉर्मेट बदलने जा रहा है और अब परीक्षा OMR शीट पर नहीं होगी। इस साल दोबारा से होने वाली नीट 2026 की परीक्षा के लिए भी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हम एग्जाम की फीस छात्रों को रिटर्न करेंगे ताकि उनपर आर्थिक बोझ ना पड़े। इसके साथ ही विद्यार्थियों को अवसर दिया जाएगा कि वे एक हफ्ते तक अपनी पंसद का शहर चुन सके। इसके साथ ही एग्जाम का समय बढ़ाया जायेगा ताकि ओएमआर शीट भरने का समय मिल सके।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट पेपर लीक के मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा की “हमसे चूक हुई है हम स्वीकार करते हैं और सरकार छात्रों के साथ है। हम पेपर लीक करने वालों को छोड़ेंगे नहीं। अगला एग्जाम लीक नहीं होगा इसकी गारंटी लेते हैं आप सबका सहयोग चाहिए। इस मामले मे मैं पार्लियामेंट में भी जवाब दूंगा।”
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा कि “मैं छात्रों से कहूंगा कि वे बिना भय के एग्जाम दें। हमें देश के हित मे कठोर निर्णय लेने पड़े हैं। हमने कुछ बदलाव किए हैं। NTA अभी काफी काबिल हाथो में हैं। सीबीआई इस मामले की तह तक जायेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा।”








