Home कोरबा तेज आंधी और बारिश से कुसमुंडा क्षेत्र में भारी नुकसान, कई जगह...

तेज आंधी और बारिश से कुसमुंडा क्षेत्र में भारी नुकसान, कई जगह पेड़ और बिजली खंभे गिरे

16
0

कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह

कुसमुंडा। शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट लेते हुए कुसमुंडा क्षेत्र सहित आदर्श नगर में तेज आंधी और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश और गरज-चमक ने लोगों को दहशत में डाल दिया। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र का मौसम बिगड़ गया और कई स्थानों पर नुकसान की खबरें सामने आईं।

आंधी इतनी तेज थी कि कई जगहों पर बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। वहीं तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभे और तार भी टूटकर गिर पड़े। कई मकानों और दुकानों की टिन की छतें उड़ गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तूफान का सबसे अधिक असर कुसमुंडा और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला। अचानक आई तेज बारिश और हवाओं के कारण लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे रातभर बिजली गुल रहने की संभावना जताई जा रही है।

सड़क पर पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और स्थानीय कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। विभाग की मदद से पेड़ों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। वहीं बारिश थमने के बाद बिजली कर्मचारी टूटे तारों और खंभों की मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक आए इस तूफान ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। प्रशासन और बिजली विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here