योगेन्द्र राठौर/कोरबा –
कोरबा जिले के ग्राम फरसवानी में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। हैरानी की बात यह है कि गांव में सब स्टेशन होने के बावजूद ग्रामीणों को रोजाना बिजली कटौती की समस्या झेलनी पड़ रही है। आए दिन घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी सूचना के बिजली बंद कर दी जाती है। दिन हो या रात, कभी भी बिजली चली जाती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। वहीं किसानों और दुकानदारों का काम भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। गांव में सब स्टेशन होने के बाद भी यदि लोगों को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है, तो यह बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली विभाग जल्द स्थायी समाधान निकाले और लगातार हो रही कटौती पर रोक लगाए।
अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग फरसवानी के लोगों की समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक गांववासियों को इस परेशानी से राहत मिलती है।








