योगेन्द्र राठौर/कोरबा –
कोरबा–चांपा मार्ग स्थित National Highway 149B में ग्राम Faraswani के पास लगाए गए हाईवे स्ट्रीट लाइटों में से कई लाइटें खराब हो चुकी हैं, जबकि कई बार पूरी लाइन को बंद कर दिया जाता है। इससे रात के समय हाईवे पर अंधेरा छा जाता है और राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे बने अभी कुछ ही साल हुए हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की हालत पहले से ही खराब दिखाई देने लगी है। हैरानी की बात यह है कि हाईवे का टोल प्लाजा भी मात्र तीन–चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद सड़क पर प्रकाश व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिम्मेदार विभाग और संबंधित अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। रात के समय अंधेरे के कारण दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है। लोगों ने मांग की है कि खराब लाइटों को जल्द सुधारा जाए और नियमित रूप से हाईवे की लाइट व्यवस्था चालू रखी जाए।








