-पेट्रोल, डीजल की किल्लत और कीमतों में वृद्धि के खिलाफ ब्लाक कांग्रेस ने किया प्रदर्शन =
अर्जुन झा/दल्ली राजहरा। दल्ली राजहरा में लगातार पेट्रोल, डीज़ल की कमी और केंद्र सरकार द्वारा इनकी कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी व इन सब पर नियंत्रण करने में केंद्र सरकार की नाकामी के खिलाफ ब्लाक कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक अध्यक्ष रतिराम कोसमा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने कहा कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की असफल विदेश नीति और कूटनीति विफलता का खामियाजा देश की जनता भुगत रही है। 28 फरवरी से अमेरिकी नेतृत्व में अमेरिका, इजरायल और फिलिस्तीन के बीच युद्ध आरंभ होने के बाद से वैश्विक स्तर पर तेल संकट गहराने लगा था। ऐसे वैश्विक संकट के दौर में जब दुनिया भर के राष्ट्र प्रमुख इस संकट का समाधान खोजने, अपनी अर्थव्यवस्था को बचाने में ध्यान लगा रहे थे उस वक्त हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पूरी केबिनेट का ध्यान संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर येनकेन प्रकरेण पांच राज्यों का चुनाव जीतने में लगा हुआ था। जबकि वे जान रहे थे की आने वाले समय में उर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण पेट्रोल, डीज़ल, गैस जैसी अत्यावश्यक वस्तुओं की भारी कमी होगी, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री इस भयंकर समस्या की तरफ से जानबूझकर आंख मूंदे बैठे रहे। उनके लिए सिर्फ और सिर्फ पांच राज्यों का चुनाव जीतना ज्यादा महत्वपूर्ण था, वह भी विशेष कर बंगाल और असम का।
श्री कोसमा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री और उनकी केबिनेट की विफल कूटनीति और असफल विदेश नीति का खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है। ऐसे समय में जब प्रधानमंत्री को देश की जनता को राहत देने का कार्य करना चाहिए तब वह दार्शनिक बनकर देश की जनता से ही सब कुछ त्याग करने का आह्वान कर रहे हैं। कांग्रेस नेता रतिराम कोसमा ने आगे कहा कि अभी हाल में युद्ध आरंभ होने से पहले तक प्रधानमंत्री रुस से सस्ता तेल खरीदकर आम जनता को सस्ता तेल देने की बजाय लगातार पेट्रोल, डीजल पर टैक्स बढ़ा-बढ़ाकर खूब कमाई कर चुके हैं। अपने कार्पोरेट मित्रों को खूब लाभ पहुंचाते रहे। सस्ते पेट्रोल, डीजल से हुई अरबों खरबों रुपयों का कोई अता पता नहीं है, जनता को कोई राहत नहीं दी गई।
श्री कोसमा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री की नाकामी के कारण देश में पेट्रोल, डीजल की लगातार कमी होती जा रही है और इसके कारण आवश्यक वस्तुओं का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होता जा रहा है, महंगाई बेतहाशा बढ़ती जा रही है, ऐसे संकट काल में देश की कड़ोड़ो जनता को राहत देने की बजाय प्रधानमंत्री जी और उनका केबिनेट पेट्रोल डीजल की कीमतों पर लगातार वृद्धि कर देश की जनता की कमर तोड़ रही है। रतिराम कोसमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पेट्रोल डीजल की कमी और उस पर कीमतों में बढ़ोत्तरी आपकी नाकामी का सबूत है। जनता को राहत देने के बजाय महंगाई के दल दल में धकेलना बतौर प्रधानमंत्री आपकी असफलता है। ब्लाक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा देश के सबसे असफल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों और पेट्रोल, डीजल की कमी, कीमतो में लगातार बढ़ोतरी की घोर निंदा करती है। कांग्रेस मांग करती है कि तत्काल जनता को राहत पहुंचाने व एक लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को फलीभूत करते हुए राष्ट्रहित में पेट्रोल, डiजल की बढ़ी हुई कीमतोंको तत्काल वापस लें या फिर इस समस्या के समाधान करने में अपनी असफलता को स्वीकार करते हुए नैतिक रुप से राष्ट्रहित में अपने पद से इस्तीफा दें।








