सरगुजा संवाददाता – विकास अग्रवाल
अम्बिकापुर। लोकतंत्र प्रहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल की स्मृति को जीवित रखने तथा नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” एवं 26 जून को “आपातकाल स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है।
अम्बिकापुर सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान समारोह 28 जून को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर “आपातकाल योद्धा” स्मारिका का विमोचन भी होगा।
उपासने ने बताया कि लोकतंत्र प्रहरी के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय निबंध प्रतियोगिता “आपातकाल कभी विस्मृत न हो” एवं “25 जून संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता” विषयों पर आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार स्वरूप क्रमशः ₹31,000, ₹21,000 एवं ₹11,000 नगद राशि तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों एवं संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों का भी सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित संविधान हत्या दिवस एवं आपातकाल स्मृति दिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी रूपरेखा शीघ्र घोषित की जाएगी।
पत्रकार वार्ता में लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश महामंत्री एवं निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला अध्यक्ष सोम शेखर मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।








