Home चर्चा में खर्वे में 8 मौतों का रहस्य सुलझा! गांव का ‘हमदर्द’ निकला कथित...

खर्वे में 8 मौतों का रहस्य सुलझा! गांव का ‘हमदर्द’ निकला कथित मौत का सौदागर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

3
0
शराब में सुहागा मिलाकर 8 लोगों की हत्या का आरोप, अंतिम संस्कार में शामिल होकर खुद को बताता रहा निर्दोष
जिला संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
बलौदाबाजार/ पलारी। ग्राम खर्वे में फरवरी से मई 2026 के बीच हुई 8 रहस्यमयी मौतों के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस जांच में गांव के निवासी रामसहाय जायसवाल (46) को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने व्यक्तिगत रंजिश और बदले की भावना से अपने परिचित लोगों को शराब में सुहागा मिलाकर पिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों द्वारा लगातार हो रही मौतों पर संदेह जताते हुए 6 जून 2026 को एसडीओपी कसडोल को जांच के लिए आवेदन दिया गया था। शिकायत में रामसहाय जायसवाल का नाम भी सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर तकनीकी, वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 7 शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और साक्ष्यों में आरोपी की भूमिका सामने आई। आरोप है कि उसने जहरीले पदार्थ का परीक्षण पहले एक कुत्ते पर किया और बाद में अलग-अलग लोगों को निशाना बनाया।
पुलिस के मुताबिक 6 फरवरी को बद्री पटेल, 20 फरवरी को बुठालु साहू, 12 मार्च को बुधराम जायसवाल, 20 मार्च को छतराम साहू, 31 मार्च को विनोद साहू, 28 अप्रैल को गजानंद मांझी, 29 अप्रैल को चैतराम साहू तथा 14 मई को महेतरू साहू की मौत हुई। वहीं कार्तिक नामक व्यक्ति को भी कथित रूप से जहरीली शराब पिलाई गई थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि हर मौत के बाद आरोपी खुद को निर्दोष साबित करने के लिए मृतकों को अस्पताल पहुंचाने, अंतिम संस्कार में शामिल होने और परिजनों को सांत्वना देने का काम करता था। ग्रामीण उसे मददगार और हमदर्द मानते रहे, जबकि पुलिस जांच में आरोप है कि वही इन घटनाओं की मुख्य कड़ी था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here