-13 से 15 नवंबर तक चलेगी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जूनियर बालिका खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के लिए बड़े ही गौरव और हर्ष का विषय है कि 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी करने का अवसर जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को मिला है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 13 नवंबर को उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। यह प्रतियोगिता 15 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के 26 जिलों से कुल 364 महिला खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, दमखम और कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल सरदार, जिला कबड्डी संघ एवं नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जलान, मनीष श्रीवास तथा जिला खेल अधिकारी सीमा डेविड मैडम विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची महिला कबड्डी खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजन का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा प्रदेश में कबड्डी खेल को बढ़ावा देना है।
राष्ट्रीय स्तर पर दमखम दिखाएंगी छत्तीसगढ़ की बेटियां
इस प्रतियोगिता का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि 26वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालिका वर्ग में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। चयनित खिलाड़ियों का दल 24 नवंबर 2026 को नेहरू स्टेडियम, फरीदकोट (पंजाब) के लिए रवाना होगा।
जिले को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। यह आयोजन प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।







