-दुर्ग जिले के 18 से 30 वर्ष तक के पात्र युवा कर सकेंगे आवेदन, प्रशिक्षण के साथ रहने और भोजन की भी निःशुल्क व्यवस्था
रायपुर। बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट), रायपुर द्वारा निःशुल्क आवासीय रोजगारोन्मुखी कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण एनटीपीसी सेल पावर कंपनी लिमिटेड (एनएसपीसीएल), भिलाई के सौजन्य से सीएसआर योजना के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।
इस योजना के तहत विशेष रूप से दुर्ग जिले के निम्न आय वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पात्र वर्गों के बेरोजगार युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
वरिष्ठ कैरियर मार्गदर्शक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दो पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर (प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग) तथा असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर (इंजेक्शन मोल्डिंग) शामिल हैं। दोनों पाठ्यक्रमों की अवधि 490 घंटे अर्थात लगभग 90 दिन (तीन माह) निर्धारित की गई है।
आठवीं, नौवीं और दसवीं पास युवा कर सकते हैं आवेदन
प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं, नौवीं अथवा दसवीं कक्षा उत्तीर्ण रखी गई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को तीन वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।
इस प्रशिक्षण के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य के दुर्ग जिले का निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही एनएसपीसीएल भिलाई के आसपास के क्षेत्रों में निवास करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशिक्षण के साथ आवास और भोजन भी निःशुल्क
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की खास बात यह है कि चयनित प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को बिना अतिरिक्त खर्च के तकनीकी कौशल सीखने का अवसर मिलेगा।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र (आठवीं, नौवीं या दसवीं की अंकसूची), जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, परिचय पत्र, बीपीएल कार्ड तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संलग्न आवेदन पत्र भरना होगा। सभी आवश्यक दस्तावेजों को एक ही पीडीएफ फाइल में संकलित कर मोबाइल नंबर 6264388869 पर भेजना होगा।
उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता के आधार पर लिखित परीक्षा अथवा साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
प्रशिक्षण एवं प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी सीपेट, उरकुरा, रायपुर रेलवे स्टेशन के पास संपर्क कर सकते हैं।
डॉ. चंद्रशेखर खरे ने बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि तकनीकी कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।








