बलरामपुर | संवाददाता : युसूफ खान
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने खुटपाली डायवर्सन परियोजना का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं, ताकि किसानों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले के कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

खुटपाली डायवर्सन परियोजना में आधुनिक पाइपलाइन तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पानी का कम से कम अपव्यय होगा और खेतों तक पर्याप्त मात्रा में सिंचाई जल पहुंच सकेगा। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के किसानों को वर्षभर बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे फसलों का उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
इसके साथ ही परियोजना से क्षेत्र का सिंचित रकबा बढ़ेगा तथा पानी और बिजली की उपलब्धता को भी मजबूती मिलेगी। आधुनिक तकनीक पर आधारित यह परियोजना कृषि क्षेत्र में स्थायी विकास और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं तकनीकी अमला भी उपस्थित रहा। अधिकारियों ने कलेक्टर को परियोजना की वर्तमान प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। कलेक्टर ने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।








