महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से बीजेपी विधायक विक्रम पाचपुते ने आज (शुक्रवार को) विधानसभा में स्कूलों के आसपास स्टिंग जैसी एनर्जी ड्रिंक की बिक्री का मुद्दा उठाते हुए इस पर सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की। उनकी मांग पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि जिरवाल ने कहा कि राज्य सरकार स्कूल परिसरों के 500 मीटर के दायरे में ऐसी एनर्जी ड्रिंक की बिक्री और खरीद पर प्रतिबंध लगाएगी।
विक्रम पाचपुते ने कहा कि ऐसे एनर्जी ड्रिंक में कैफीन, टॉरिन और शुगर की मात्रा अधिक होती है, जिससे हृदय की धड़कन तेज हो सकती है और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसी वजह से बच्चों को इन पेय पदार्थों से दूर रखना जरूरी है।
बीजेपी विधायक पाचपुते ने कहा कि सरकार ने फिलहाल स्कूलों के 500 मीटर के दायरे में प्रतिबंध लगाने की बात कही है, लेकिन उनकी मांग इससे कहीं आगे की है। उनका कहना है कि जिस तरह तंबाकू उत्पादों की बिक्री बच्चों को प्रतिबंधित है, उसी तरह एनर्जी ड्रिंक की बिक्री भी बच्चों को कहीं भी नहीं होनी चाहिए।








