गर्मियों के बाद बारिश का मौसम राहत तो लाता है, लेकिन अपने साथ कई तरह की समस्याएं भी लाता है। इनमें सबसे कॉमन है कीड़े-मकौड़े और बरसाती पतंगों का बढ़ना। बरसात के मौसम में छोटे-छोटे कीड़े बढ़ जाते हैं। जैसे ही शाम होती है और घर की लाइटें जलती हैं, वैसे ही बल्ब और ट्यूबलाइट के आसपास इन कीड़ों का भारी जमावड़ा लग जाता है। ये कीड़े न सिर्फ परेशान करते हैं, बल्कि खाने-पीने की चीजों में गिरकर बीमारी का कारण भी बन सकते हैं। ऐसे में इनसे छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह के तरीके अपनाते हैं, लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि कुछ घरेलू नुस्खे की मदद से आप आसानी से इन कीड़ों से छुटकारा पा सकते हैं।
बरसाती कीड़ों को भगाने के घरेलू उपाय
नीम और कपूर का कमाल
नीम का तेल और कपूर दोनों ही कीड़ों को बिल्कुल रास नहीं आते। एक स्प्रे बोतल में पानी भरकर उसमें थोड़ा नीम का तेल और पिसा हुआ कपूर मिलाएं। इस मिश्रण को बल्ब के आसपास की दीवारों पर स्प्रे करें। इसकी तेज गंध से कीड़े तुरंत भाग जाएंगे।
लहसुन और प्याज का रस
लहसुन और प्याज की तीखी गंध से भी कीड़े दूर भागते हैं। लहसुन और प्याज को पीसकर उसका रस निकाल लें और इसे पानी में मिलाकर लाइट के आसपास छिड़कें।
नींबू और बेकिंग सोडा
एक कप पानी में दो चम्मच नींबू का रस और एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इसे अच्छी तरह मिक्स करके स्प्रे बोतल में भर लें। लाइट के आसपास इस घोल का छिड़काव करने से कीड़े वहां नहीं फटकेंगे।
तेजपत्ता और लौंग का धुआं
शाम के समय घर में तेजपत्ता और लौंग जलाकर उसका धुआं करें। इस नेचुरल धूप से न सिर्फ घर के सारे बरसाती कीड़े गायब हो जाएंगे, बल्कि मच्छर और मक्खियां भी दूर रहेंगी।
सफेद सिरका
विनेगर की खट्टी महक भी कीड़ों को बर्दाश्त नहीं होती। पानी में थोड़ा सा सफेद सिरका मिलाकर दीवारों और लाइट फिक्स्चर के पास स्प्रे करें।








