खिलेश साहू –
सद्गुरु रावतपुरा सरकार के प्राकट्य दिवस एवं स्थापना दिवस महोत्सव के पावन अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी परिसर, रायपुर में आयोजित भव्य “गौरव सम्मान समारोह” में छत्तीसगढ़ की विभिन्न विभूतियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित, अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त चित्रकार एवं बसंत फाउंडेशन छत्तीसगढ़, कुरूद के संस्थापक बसंत साहू को दिव्यांग एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए वर्षों से किए जा रहे निःस्वार्थ समाजसेवा, निःशुल्क चित्रकला प्रशिक्षण तथा कला के माध्यम से आत्मनिर्भरता और संस्कार की अलख जगाने के उल्लेखनीय कार्यों के लिए स्वयं सद्गुरु रावतपुरा सरकार के करकमलों से “छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान” प्रदान किया गया।
इस समारोह में छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कैबिनेट मंत्री खुशवंत सिंह, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, राज्यसभा सांसद सहित अनेक मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सम्मान प्रदान करना था, किंतु विश्वविख्यात पांडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण तीजन बाई के निधन के कारण प्रदेश में घोषित शोक के चलते वे समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात बसंत साहू ने इस सम्मान को अपनी माता, अपने गुरुओं, बसंत फाउंडेशन के सहयोगियों तथा उन सभी दिव्यांग एवं प्रतिभाशाली बच्चों को समर्पित किया, जिनके उज्ज्वल भविष्य के लिए वे निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समाजसेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाता है तथा वे जीवनभर सेवा, संस्कार और सृजन के मार्ग पर समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।
बसंत फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ (कुरूद) का ध्येय वाक्य —
“सृजन • सेवा • संस्कार • समर्पण” — समाज के अंतिम व्यक्ति तक कला, शिक्षा और आत्मविश्वास की ज्योति पहुँचाने का सतत प्रयास करता रहेगा।








