दीपक शर्मा/कोरबा : पाली विकासखंड के लोहड़िया गांव निवासी हरीश कुमार पोर्ते ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद माउंट युनम पीक पर तिरंगा लहराकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। उन्होंने यह उपलब्धि प्रसिद्ध पर्वतारोही बलजीत कौर के साथ हासिल की।
पहाड़ों में हरीश लगातार रिकॉर्ड बना रहे हैं। उन्होंने सिर्फ 7 दिन में एवरेस्ट बेस कैंप ट्रैक पूरा किया और पिछले महीने मनाली के ABVIMAS संस्थान से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स भी किया।
अब उनकी नजरें 1 अगस्त 2026 से KY1 और KY2 चोटियों पर हैं। अगर सफल हुए तो लगातार दोनों चोटी फतह करने वाले छत्तीसगढ़ के पहले युवा बनेंगे। उनका अंतिम लक्ष्य जुलाई 2027 तक माउंट एवरेस्ट पर भारत और छत्तीसगढ़ का झंडा फहराना है।
लेकिन पर्वतारोहण के भारी खर्च के कारण हरीश को आर्थिक मदद की दरकार है। उन्होंने मुख्यमंत्री, कलेक्टर और स्थानीय विधायक से सहयोग मांगा, पर अब तक सिर्फ आश्वासन मिला है।
हरीश का कहना है, “मैं हार नहीं मानूंगा। मुझे पूरा भरोसा है कि कहीं से सपोर्ट जरूर मिलेगा।”
राज्य सरकार, प्रशासन और उद्योगपतियों से अपील है कि वे इस उभरते खिलाड़ी की मदद करें ताकि आर्थिक तंगी के कारण इसका एवरेस्ट का सपना न टूटे।








