Home चर्चा में जनदर्शन के बाद कलेक्टर, एसपी व वनमण्डलाधिकारी ने बांटे फलदार पौधे

जनदर्शन के बाद कलेक्टर, एसपी व वनमण्डलाधिकारी ने बांटे फलदार पौधे

22
0
अमरूद, कटहल सहित विभिन्न पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बलरामपुर। संवाददाता: युसूफ खान
जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर एवं वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक बाजपेई ने जनदर्शन कार्यक्रम के उपरांत ग्रामीणों के बीच फलदार पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को अमरूद, कटहल सहित विभिन्न फलदार पौधे वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर जलवायु और पोषण का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। फलदार पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका और पोषण सुरक्षा में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी अपनी जिम्मेदारी समझकर करे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामाजिक दायित्व है और जनभागीदारी के बिना इसे सफल नहीं बनाया जा सकता। वहीं वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक बाजपेई ने फलदार एवं छायादार पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
ग्रामीणों ने अधिकारियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। यह पहल जिले में हरित वातावरण विकसित करने और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here