बलरामपुर। संवाददाता: युसूफ खान
बलरामपुर जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (NH-343) पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने मालवाहक वाहनों में यात्रियों के अवैध परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा जिले के ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने, यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा स्पीड ब्रेकर, दिशा संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करना होगा, ताकि जिले में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सके।








