Home चर्चा में कलेक्टर की सख्ती: घटिया निर्माण पर नहीं होगी कोई रियायत, लापरवाह ठेकेदार...

कलेक्टर की सख्ती: घटिया निर्माण पर नहीं होगी कोई रियायत, लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

5
0

बलरामपुर संवाददाता: युसूफ खान

कुसमी, बलरामपुर | 08 जुलाई 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने सख्त रुख अपनाया है। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कार्य में रुचि नहीं लेने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीओ एवं इंजीनियरों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

आरईएस विभाग की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक भवन, प्राथमिक शाला, अतिरिक्त कक्ष तथा शौचालय मरम्मत सहित विभिन्न लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। वर्ष 2023-24 के अधूरे कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जो ठेकेदार स्वीकृति मिलने के बाद भी कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। साथ ही कार्य में अनावश्यक विलंब होने पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी लंबित निर्माण कार्य 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि समय पर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन भी रोका जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के दौरान उन्होंने बारिश के मौसम में सड़कों की नियमित मरम्मत एवं गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
बैठक में पीएम जनमन योजना एवं जल संसाधन विभाग के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्माण स्थलों पर योजना संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने वाले सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here