Home चर्चा में महानदी किनारे महिला का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी, शरीर पर चोट...

महानदी किनारे महिला का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी, शरीर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

17
0

संवाददाता: सोमन साहू

आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव में महानदी किनारे 36 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के शरीर पर चोट के कई गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रुक्मणी सोनवानी (36 वर्ष), निवासी पारागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम

महानदी किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

 

सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जो जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशान इस ओर संकेत करते हैं कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट या संघर्ष हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और समय की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतका को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और उसकी किसी से कोई रंजिश या विवाद तो नहीं था।

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here