Home चर्चा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भिलाई में कक्षा 9वीं की छात्राओं को निःशुल्क...

शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भिलाई में कक्षा 9वीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण

4
0

संवाददाता – सोमन साहू

भिलाई। छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने तथा विद्यालय तक उनकी नियमित और सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भिलाई में कक्षा 9वीं की छात्राओं को शासन की योजना के तहत निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि रुपेश निर्मलकर उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद सदस्य प्रतिनिधि मनीष साहू, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा साहू, सदस्य श्रीमती सेवती साहू तथा शिक्षाविद् तुलस राम साहू ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि राज्य शासन की यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी और उनकी शिक्षा बिना किसी बाधा के जारी रहेगी। उन्होंने छात्राओं से इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती पुष्पा निषाद ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि साइकिल वितरण योजना छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्याताओं एवं शिक्षकों में चंदूलाल साहू, गोविंद गुप्ता, भोला सोनी, अंजली साहू, विनीता वर्मा, त्रिवेणी बारगो, ज्योति शर्मा, प्रसन्न निर्मलकर, भरत साहू, सुंदर राव, पूरन साहू, अंकिता चंद्राकर, भूमिका साहू, संकुल समन्वयक जितेंद्र शुक्ला, तृप्ति शर्मा एवं पुष्पलता चंद्राकर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरों पर साइकिल प्राप्त करने की खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने शासन एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। समारोह का समापन सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में हर्षोल्लास के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here