Home चर्चा में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर कथित अरबों की ठगी, 10 राज्यों के...

फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर कथित अरबों की ठगी, 10 राज्यों के निवेशकों ने डोंगरगढ़ में किया प्रदर्शन

5
0

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में फॉरेक्स ट्रेडिंग से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 100 से अधिक निवेशकों ने एक कथित ऑनलाइन निवेश नेटवर्क के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपी से जुड़े बताए जा रहे व्यक्ति के घर का घेराव किया। निवेशकों का आरोप है कि उन्हें भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों-अरबों रुपये निवेश कराए गए, लेकिन बाद में रकम निकालने पर रोक लगा दी गई।

पीड़ितों के अनुसार, “लॉन्ग एशिया” नामक फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए सोशल मीडिया, ऑनलाइन मीटिंग और डिजिटल प्रचार के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ा और कई लोगों ने बड़ी रकम निवेश कर दी। बाद में तकनीकी कारणों का हवाला देकर विथड्रॉल प्रक्रिया बंद कर दी गई, जिससे निवेशकों की पूंजी फंस गई।

प्रदर्शन में शामिल लोगों का दावा है कि पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश समेत करीब 10 राज्यों के निवेशक इस कथित ठगी से प्रभावित हुए हैं। उनका आरोप है कि देशभर में बड़ी संख्या में लोगों की रकम फंसी हुई है और नुकसान अरबों रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। डोंगरगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले में लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं निवेशकों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here