Home चर्चा में छ.ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ का सरगुजा में आगाज, प्रदेश...

छ.ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ का सरगुजा में आगाज, प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर हुआ भव्य स्वागत

6
0
सरगुजा संवाददाता – विकास अग्रवाल
पत्रकारों की सुरक्षा, संगठन विस्तार और पत्रकार हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का लिया गया संकल्प
अंबिकापुर। छ.ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर के प्रथम सरगुजा आगमन पर रविवार को अंबिकापुर स्थित रेस्ट हाउस में पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर में संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार तथा समाज में पत्रकारों की सकारात्मक एवं प्रभावी भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष का पत्रकारों ने गर्मजोशी, उत्साह और आत्मीयता के साथ पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश सलाहकार बी. निजामी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ हुआ, जिसके पश्चात संगठन की वर्तमान गतिविधियों एवं भावी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले और विकासखंड तक संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाएगा ताकि हर पत्रकार को संगठन का सहयोग और संरक्षण मिल सके।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश सलाहकार बी. निजामी ने कहा कि संगठन केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करेगा। उन्होंने पत्रकारों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने कहा कि पत्रकारों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान तथा व्यावसायिक चुनौतियों के समाधान के लिए निरंतर कार्य करेगा। साथ ही संगठन के विस्तार और नए सदस्यों को जोड़ने के लिए भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
बैठक के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और प्रदेश के पत्रकारों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा होगी। वक्ताओं ने पत्रकारों के सामाजिक दायित्व, निष्पक्ष पत्रकारिता, संगठनात्मक एकता तथा पत्रकारों के अधिकारों को लेकर भी अपने विचार रखे।
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, जिला एवं संभाग स्तर पर संगठन विस्तार तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर में संगठन को सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष राजेश राज गुप्ता, संभाग महासचिव खगेंद्र यादव, कोरिया जिला अध्यक्ष कमरून निशा, सरगुजा जिला अध्यक्ष राजेश प्रसाद गुप्ता, जिला महासचिव आमोद तिवारी, सोनहत ब्लॉक अध्यक्ष उद्देश्य कुमार साहूवरिष्ठ पत्रकार मुन्ना पांडे, इमरान अंसारी, लक्ष्मी साहू, जानिसार अख्तर, सितेश सिरदार, अभिषेक सोनी, सूरज जायसवाल, इबरार अंसारी, महफूज हैदर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों के संरक्षण के लिए एकजुट होकर निरंतर कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here