Home चर्चा में रामपुर पंचायत में सचिव के लंबे अवकाश से कामकाज ठप, वैकल्पिक सचिव...

रामपुर पंचायत में सचिव के लंबे अवकाश से कामकाज ठप, वैकल्पिक सचिव की नियुक्ति की मांग

6
0

खिलेश साहू/कुरूद:- कुरूद जनपद के ग्राम पंचायत रामपुर में पंचायत सचिव के लंबे समय से अवकाश पर रहने के कारण पंचायत का नियमित कामकाज प्रभावित हो गया है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्राम पंचायत के उपसरपंच ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जनपद पंचायत को आवेदन सौंपकर तत्काल वैकल्पिक सचिव की नियुक्ति की मांग की है।
उपसरपंच ने बताया गया है कि ग्राम पंचायत रामपुर के सचिव मार्च माह से अवकाश पर हैं। उनके अनुपस्थित रहने के कारण ग्राम सभा का आयोजन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड से संबंधित कार्य, विभिन्न शासकीय योजनाओं का संचालन, दस्तावेजों का सत्यापन तथा पंचायत के अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को समय पर सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं और उन्हें बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

उपसरपंच ने कहा कि सचिव के लंबे समय से अनुपस्थित रहने के कारण पंचायत का नियमित संचालन बाधित है, जिससे ग्रामवासियों में असंतोष की स्थिति बन गई है। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मांग की है कि ग्राम पंचायत रामपुर में शीघ्र वैकल्पिक सचिव की व्यवस्था की जाए, ताकि पंचायत के सभी आवश्यक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें और ग्रामीणों को समय पर शासकीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here