रिकेश्वर राणा/दंतेवाड़ा, 30 जुलाई। अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस ने बुधवार को छत्तीसगढ़ संगठन का विस्तार करते हुए दंतेवाड़ा के युवा कांग्रेस नेता विमल सलाम को छत्तीसगढ़ आदिवासी कांग्रेस का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है। यह जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज एवं छत्तीसगढ़ आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री जनकराम ध्रुव की अनुशंसा पर सौंपी गई है।विमल सलाम लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।
वे पूर्व में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने का कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे जिला कांग्रेस कमेटी, दंतेवाड़ा के महामंत्री एवं प्रवक्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।नियुक्ति पर विमल सलाम ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे,लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी एस बाबा,आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, प्रदेश अध्यक्ष श्री जनकराम ध्रुव, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव युवा कांग्रेस श्री (पूर्णचंद्र)कोको पाढी सहित कांग्रेस के समस्त शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
विमल सलाम ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के आदिवासी समाज के हक, अधिकार, जल-जंगल-जमीन, संविधान और सामाजिक न्याय की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाते रहे हैं। उनके नेतृत्व और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रेरणा लेकर वे आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा समाज की आवाज़ को और प्रभावी ढंग से उठाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।विमल सलाम की नियुक्ति पर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और सक्रिय नेतृत्व से छत्तीसगढ़ आदिवासी कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलेगी।







